भोजपुरी इंडस्ट्री से अश्लीलता खत्म करेगी भोजपुरिया सेना, पवन सिंह-अक्षरा सिंह विवाद पर ये बोले विनय बिहारी

भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) में अश्लीलता रोकने के लिए गीतकार और भाजपा विधायक विनय बिहारी ने कहा कि भोजपुरी में अश्‍लीलता के लिए कोई एक आदमी जिम्‍मेदार नहीं है। इसे खत्म करने के लिए आम लोगों से लेकर गीतकार, म्‍यूजिक कंपनी और सरकार को पहल करनी होगी।

भोजपुरिया सेना का राज रंजीत और बीजेपी नेता-सिंगर विनय बिहारी।

भोजपुरी सिनेमा  (Bhojpuri Cinema) में बढ़ती अश्लीलता को रोकने के लिए इस इंडस्ट्री के बड़े स्टार्स पहले से ही अपना नजरिया साफ कर दिया है। दिनेश लाल यादव, आम्रपाली दुबे, रानी चटर्जी, खेसारी लाल यादव सहित तमाम स्टार्स चाहते हैं कि भोजपुरी फिल्मों में अश्लीलता और फूहड़ता ना दिखाई जाए। फिल्म की कहानी और कंटेंट साफ-सुथरा रहे। अब सिंगर, एक्टर और भोजपुरिया सेना के राज रंजीत और भोजपुरी सिंगर और बीजेपी नेता विनय बिहारी भी इस मुहीम को आगे बढ़ा रहे हैं।

भोजपुरी सिनेमा में अश्लीलता रोकने के लिए गीतकार और भाजपा विधायक विनय बिहारी (Vinay Bihari)  ने कहा कि भोजपुरी में अश्‍लीलता के लिए कोई एक आदमी जिम्‍मेदार नहीं है। इसलिए इसे खत्म करने के लिए आम लोगों से लेकर गीतकार, म्‍यूजिक कंपनी और सरकार को पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि भोजपुरी से अश्‍लीलता जनजागृति और कठोर कानून के जरिए ही खत्‍म हो सकता है।

अश्लील गाने और फिल्म बनाने वालों को होनी चाहिए जेल

विनय बिहारी ने कहा कि इसकी शुरूआत कुछ बड़े स्‍टार जो आज भी अश्‍लील गाने गा रहे हैं, उनको दो महीने की जेल डाल कर किया जाना चाहिए। उसके बाद एक सकारात्‍मक संदेश जाएगा और लोग भोजपुरी में अश्‍लीलता फैलाने से डरेंगे। उन्‍होंने कहा कि आज मैथिली में अश्‍लीलता नहीं है, क्‍योंकि वहां का समाज जागरूक है। इसलिए भोजपुरी में भी समाज को जागरूक होना पड़ेगा। उन्‍होंने बताया कि बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार (Bihar CM Nitish Kumar) अश्‍लीलता को लेकर गंभीर हैं और आने वाले विधान सभा सत्र में इस पर बिहार सरकार कोई बड़ा फैसला करने वाली है।

जल्दी तरक्की के चक्कर में परोसी गई अश्लीलता

एक्टर, सिंगर और भोजपुरिया सेना के राज रंजीत (Raj Ranjeet) ने कहा कि भोजपुरी को भिखारी ठाकुर, विध्‍यंवासिनी देवी और शारदा सिन्‍हा जैसे लोगों ने समृद्ध बनाया, लेकिन कुछ कलाकारों ने जल्‍दी तरक्‍की के लिए इसमें गंदगी फैलाई है। यह अब हम भोजपुरी भाषियों को स्‍वीकार नहीं है। इसलिए हमने भोजपुरी सेना का गठन किया है। और हम द्विअर्थी संवाद वाले गाने को बनाने वालों से अपील करते हैं कि वे अश्‍लीलता फैलाना बंद करें, नहीं तो भोजपुरिया सेना कानूनी कार्रवाई को मजबूर होगी।

पवन सिंह और अक्षरा सिंह विवाद पर ये बोले विनय बिहारी

विनय बिहारी ने पवन सिंह (Pawan Singh) और अक्षरा सिंह विवाद पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि अगर पवन सिंह सही हैं, तो फरार क्‍यों हैं। उन्‍हें सबके सामने आकर चीजों को स्‍पष्‍ट करना चाहिए। ये वही लोग हैं, जो अश्‍लीलता से आगे बढ़ें हैं। ऐसे लोगों के पाप का घड़ा भर चुका है, तभी तो पवन के खिलाफ अक्षरा सिंह ने और खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) के लिए प्रियंका पंडित ने केस दर्ज कराया है।

पवन सिंह की दबंगई से नहीं डरने वाली अक्षरा सिंह, कहा – मैं कमजोर नहीं हूं

यहां देखिए पवन सिंह पर अक्षरा सिंह ने क्या आरोप लगाया…

रमेश कुमार :जाकिर हुसैन कॉलेज (डीयू) से बीए (हॉनर्स) पॉलिटिकल साइंस में डिग्री लेने के बाद रामजस कॉलेज में दाखिला लिया और डिपार्टमेंट ऑफ पॉलिटकल साइंस में पढ़ाई की। इसके बाद आईआईएमसी दिल्ली।