सीबीएसई क्लास 12 रिजल्ट घोषित, 500 में से 499 नंबर लाकर हंसिका शुक्ला और करिश्मा अरोड़ा ने किया टॉप

सीबीएसई क्लास 12 रिजल्ट घोषितः केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं की परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। गाजियाबाद की हंसिका शुक्ला और मुजफ्फरनगर की करिश्मा अरोड़ा इस बार की टॉपर रही हैं।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने गुरुवार को 12वीं की परीक्षा का रिजल्ट अनाउंस कर दिया है। पिछले साल की तरह इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। मजेदार बात यह है कि इस बार एक नहीं बल्कि दो लड़कियां नंबर 1 की पोजिशन पर हैं। गाजियाबाद की रहने वालीं हंसिका शुक्ला और मुजफ्फरनगर निवासी करिश्मा अरोड़ा ने टॉप किया है। हंसिका और करिश्मा ने 500 में से 499 अंक लाकर पहले स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं 500 में से 498 अंक लाकर तीन लड़कियां दूसरे नंबर पर रही हैं।

इस बार 7,48,498 छात्रों और 5,38,861 छात्राओं ने 12वीं की परीक्षा दी थी। कुल 83.4 प्रतिशत बच्चे पास हुए हैं। इस बार त्रिवेंद्रम रीजन में सबसे ज्यादा बच्चे पास हुए हैं। वहां 98.2 प्रतिशत बच्चे पास हुए। दूसरे नंबर पर चेन्नई रीजन और तीसरे पर दिल्ली रीजन है। 498 अंक लाकर दूसरे स्थान पर रहने वाली तीनों लड़कियों के नाम गौरांगी चावला (ऋषिकेश), ऐश्वर्या (बरेली) और भव्या (हरियाणा) हैं। तीसरे स्थान पर 497 अंक लाकर 18 बच्चे हैं। इन 18 बच्चों में 11 लड़कियां हैं।

सीबीएसई के अधिकारियों का दावा है कि इस बार उन्होंने महज 28 दिन में ही रिजल्ट अनाउंस कर दिया है। यह भी अपने आप में एक रिकॉर्ड है। 12वीं की आखिरी परीक्षा 4 अप्रैल को थी। सीबीएसई की चेयरमैन अनिता करवल ने बताया कि नतीजों के ऐलान की वजह से बोर्ड के कई कर्मचारी पिछले 15 दिनों से घर भी नहीं गए हैं। परीक्षा की तैयारियों को देखते हुए अब से हर साल 15 फरवरी से एग्जाम शुरू कर दिए जाएंगे। इस साल परीक्षा के लिए देशभर में 4,974 केंद्र बनाए गए थे। विदेशों में भी परीक्षा के लिए 78 सेंटर बनाए गए थे।

ऐसे देखें रिजल्ट…

1- 12वीं की परीक्षा के परिणाम देखने के लिए सबसे पहले आप सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट cbse.nic.in पर जाएं।

2- होम पेज पर आपको सीबीएसई 12th रिजल्ट या फिर सीबीएसई रिजल्ट 2018 का लिंक दिखेगा। लिंक पर क्लिक करें।

3- लिंक पर क्लिक करते ही नया पेज खुलेगा, जहां पर आपसे रोल नंबर व अन्य जानकारी (कैप्चा कोड) मांगी जाएगी।

4- सही जानकारी भरने के बाद आप सबमिट पर क्लिक करें और परीक्षा परिणाम आपकी स्क्रीन पर होंगे।

5- भविष्य में जरूरत पड़ने को ध्यान में रखते हुए आप परीक्षा परिणाम का प्रिंटआउट जरूर निकालें।

सीबीएसई की ऑफिशियल वेबसाइट के अलावा आप examresults.net, indiaresults.com और results.gov.in पर जाकर भी परीक्षा परिणाम देख सकते हैं।

राहुल सिंह :उत्तराखंड के छोटे से शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखता हूं। वैसे लिखने को बहुत कुछ है अपने बारे में, लेकिन यहां शब्दों की सीमा तय है। पत्रकारिता का छात्र रहा हूं। सीख रहा हूं और हमेशा सीखता रहूंगा।