यौन शोषण केस में फंसे मंत्री एमजे अकबर और पत्रकार विनोद दुआ, 97 वकील लड़ेंगे केस

विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर (MJ Akbar) पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। उधर, वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ पर भी एक फिल्ममेकर ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं।

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद और विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर (MJ Akbar) पर यौन शोषण के आरोप लगे हैं। इन आरोपों के बाद एमजे अकबर के इस्तीफे की मांग की जा रही है। हालांकि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हाल ही में कहा कि इस मामले की जांच कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। आरोप तो किसी पर भी लगाया जा सकता है। उधर, वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ पर भी एक फिल्ममेकर ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। इसके बाद मी टू अभियान में कई दिग्गज लोग घेरे में आते दिख रहे हैं। फिलहाल, एमजे अकबर की ओर से मानहानि केस किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर ने अपराधिक मानहानिका मुकदमा दायर किया है। सोमवार को दिल्ली पटियाला हाई कोर्ट में अकबर केस की पैरवी 97 वकीलों के द्वारा की जाएगी। केस की पैरवी ‘करनजावाला एंड को’ लॉ फर्म करेगी। मीडिया खबरों की मानें तो इस फर्म के 97 वकीलों की टीम एमजे अकबर के केस पर काम कर रही है। हालांकि, लॉ फर्म का कहना है कि इनमें से सिर्फ छह वकील ही कोर्ट में अकबर का पक्ष रखेंगे। उधर, एमजे अकबर की कार्रवाई के बाद पीड़िता प्रिया रमानी ने एक बयान जारी कर कहा है, ‘मैं अपने खिलाफ मानहानि के आरोपों पर लड़ने के लिए तैयार हूं। सच और सिर्फ सच ही मेरा बचाव है।’

विनोद दुआ पर आरोप
इसी बीच वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ पर भी यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। फिल्मकार निष्ठा जैन ने पत्रकार और द वायर के कंसल्टिंग एडिटर विनोद दुआ पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। जन-गण-मन की बात शो के जरिए आने वाले विनोद दुआ पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगने पर इनकी बेटी मल्लिका दुआ ने भी जवाब दिया है। दरअसल, फिल्ममेकर निष्ठा जैन ने रविवार को फेसबुक पर एक पोस्ट लिखी जिसमें बताया कि विनोद दुआ ने एक इंटरव्यू के दौरान उनके साथ गलत व्यवहार किया। साल 1989 में विनोद दुआ के साथ एक इंटरव्यू में दुआ ने उनके साथ गलत व्यवहार किया था।

वीडियो देखें…

रवि गुप्ता :पत्रकार, परिंदा ही तो है. जैसे मैं जन्मजात बिहारी, लेकिन घाट-घाट ठिकाने बनाते रहता हूं. साहित्य-मनोरंजन के सागर में गोते लगाना, खबर लिखना दिली तमन्ना है जो अब मेरी रोजी रोटी है. राजनीति तो रग-रग में है.